STUDENT'S POWER - NATION'S POWER / छात्रशक्ति - राष्‍ट्रशक्ति

Friday, September 2, 2011

एबीवीपी डूसू पैनल में कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता

नई दिल्ली, 2 सितंबर। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के चुनाव के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) ने अपना पैनल घोषित कर दिया है। एबीवीपी ने अपने पैनल में नेहा सिंह को अध्यक्ष, विकास यादव को सचिव, विकास चौधरी को उपाध्यक्ष और दीपक बंसल को संयुक्त सचिव पद के लिये उम्मीदवार घोषित किया है।
           

डूसू चुनाव के लिए एबीवीपी द्वारा घोषित पैनल में एक छात्रा सहित दिल्ली के सभी प्रमुख कैंपसों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गयी है। अध्यक्ष पद की उम्मीदवार नेहा सिंह जनकपुरी की रहने वाली और एम. ए. बुद्धिस्ट स्टडीज़ की छात्रा है। अरबिंदो कॉलेज में बी. ए. करते समय वो वहाँ के छात्र संघ की सचिव भी रही। वर्तमान में हुए भ्रष्टाचार विरोधी अन्ना हजारे जी के आन्दोलन में इनकी बहुत ही सक्रिय सहभागिता रही। वहीं सचिव पद के लिए एबीवीपी के पैनल से चुनाव लड़ रहे विकास यादव ए. आर. एस. डी. कॉलेज में बी. ए. पोलिटिकल साइंस में अध्ययनरत है। राधिका तंवर हत्या के विरोध में हुए आन्दोलन का नेतृत्व और साउथ कैंपस में छात्र हितों से संबंधित मुद्दों को लेकर विकास यादव सतत संघर्षरत रहे हैं।

विकास चौधरी उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे रामलाल कॉलेज में बी. ए. पोलिटिकल साइंस के छात्र विकास हॉकी के राष्ट्रीय खिलाड़ी भी हैं। एम. ए. बुद्धिस्ट स्टडिज़ के छात्र दीपक बंसल एबीवीपी के संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवार हैं। पूर्वी कैंपस की मांग को लेकर एबीवीपी के आन्दोलन में भी दीपक बंसल की सक्रियता रही है। विदित हो कि एबीवीपी ने अपने पैनल में छात्र हितों के लिये संघर्षरत संगठन के कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी है।

No comments:

Post a Comment